सुपरस्टार रजनीकांत के फैंस के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। ‘जेलर 2’ को लेकर चर्चा के बीच अब उनकी मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘धर्मन’ में एक्ट्रेस नयनतारा की एंट्री हो गई है। इस खबर के सामने आते ही फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है। खास बात यह है कि रजनीकांत और नयनतारा करीब पांच साल बाद एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ नजर आएंगे। दोनों को आखिरी बार 2021 में रिलीज हुई फिल्म ‘अन्नात्थे’ में साथ देखा गया था। ऐसे में इस जोड़ी की वापसी फैंस के लिए किसी ट्रीट से कम नहीं है।
नयनतारा के फिल्म से जुड़ने की जानकारी प्रोडक्शन हाउस राज कमल फिल्म्स इंटरनेशनल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की। प्रोडक्शन हाउस ने एक्ट्रेस का स्वागत करते हुए लिखा कि अब फिल्म में दमदार अंदाज दोगुना होने वाला है। वैसे, रजनीकांत और नयनतारा की ऑनस्क्रीन जोड़ी पहले भी दर्शकों का ध्यान खींच चुकी है। दोनों ‘चंद्रमुखी’ (2005), ‘कुसेलन’ (2008), ‘दरबार’ (2020) और ‘अन्नात्थे’ (2021) जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं। हालांकि, ‘धर्मन’ में नयनतारा का किरदार क्या होगा, इस बारे में मेकर्स ने फिलहाल कोई जानकारी साझा नहीं की है।
फिल्म की कमान निर्देशक अश्वथ मारिमुथु के हाथों में है, जबकि कमल हासन इसे प्रोड्यूस कर रहे हैं। फिल्म की शूटिंग इस साल की शुरुआत में शुरू हुई थी और अब तक कई शेड्यूल पूरे किए जा चुके हैं। फिल्म में सिमरन, राशि खन्ना और श्रीलीला भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। वहीं, अभिनेता राम पोथिनेनी को फिल्म में मुख्य विलेन की भूमिका के लिए अप्रोच किए जाने की खबरें हैं, लेकिन इस बारे में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। संगीत की जिम्मेदारी अनिरुद्ध रविचंदर संभाल रहे हैं, जबकि निकेत बोम्मिरेड्डी सिनेमैटोग्राफी और प्रदीप ई. राघव एडिटिंग का काम देख रहे हैं। एक्शन दृश्यों की जिम्मेदारी अनबरीव की जोड़ी के पास है।
‘धर्मन’ की रिलीज डेट को लेकर अभी मेकर्स ने आधिकारिक ऐलान नहीं किया है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स में इसे पोंगल 2027 के मौके पर सिनेमाघरों में उतारने की संभावना जताई जा रही है। फिल्म की स्टारकास्ट और दमदार तकनीकी टीम को देखते हुए दर्शकों की उम्मीदें पहले से ही काफी बढ़ी हुई हैं। अब नयनतारा की एंट्री ने इस उत्साह को एक नया रंग दे दिया है। देखना दिलचस्प होगा कि रजनीकांत और नयनतारा की यह जोड़ी इस बार पर्दे पर क्या कमाल दिखाती है।