बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर मुंबई के जुहू इलाके में हुई फायरिंग की घटना ने फिल्म इंडस्ट्री में चिंता बढ़ा दी है। अब दिग्गज अभिनेता और तृणमूल कांग्रेस के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने घटना को बेहद चौंकाने वाला बताते हुए टाइगर और उनके परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। शत्रुघ्न ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा कर अभिनेता के सुरक्षित बचने पर राहत जताई, वहीं घायल ड्राइवर के प्रति भी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की ओर से मामले को गंभीरता से लिए जाने का भी जिक्र किया।
शत्रुघ्न सिन्हा ने अपनी पोस्ट में लिखा, “यह क्या हो रहा है???? कल सबसे चौंकाने वाली और चिंताजनक घटना हुई। सबसे पसंदीदा स्टार टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाया गया, धमकियां दी गईं और उन पर फायरिंग की गई।” उन्होंने टाइगर को अभिनेता जैकी श्रॉफ का बेटा बताते हुए कहा कि उनकी किस्मत अच्छी थी कि उन्हें कोई चोट नहीं आई, लेकिन उनके ड्राइवर को गंभीर चोटें आईं। शत्रुघ्न ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की इस गंभीर मामले को लेकर चिंता का भी उल्लेख किया। आखिर में उन्होंने ‘जय हिंद’ लिखकर अपनी बात समाप्त की।
यह घटना रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में हुई थी। पुलिस के मुताबिक, शाम करीब सात बजे टाइगर श्रॉफ फुटबॉल क्लब से अपनी कार में निकल रहे थे, तभी कुछ अज्ञात लोगों ने उनकी गाड़ी पर फायरिंग कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हमले में अभिनेता को गोली नहीं लगी और वह सुरक्षित बच गए, जबकि उनके ड्राइवर समेत दो लोग घायल हुए। घटना के वीडियो सामने आने के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया है। पुलिस अब हमले से जुड़े तमाम पहलुओं की जांच कर रही है।
इस मामले में तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) और 3(5) के साथ आर्म्स एक्ट की धारा 3 और 25 के तहत केस दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई है। जांच एजेंसियां आरोपियों की पहचान करने और हमले के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी हैं। फिलहाल घटना को लेकर कई सवाल बने हुए हैं, जिनका जवाब जांच आगे बढ़ने के साथ मिलने की उम्मीद है।
फायरिंग की घटना के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी रविवार रात टाइगर श्रॉफ के घर पहुंचे थे। उन्होंने अभिनेता से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और परिवार को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार उनकी सुरक्षा को लेकर जरूरी कदम उठाएगी। अब शत्रुघ्न सिन्हा की प्रतिक्रिया के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में है। फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी हस्तियों की सुरक्षा को लेकर उठ रही चिंताओं के बीच सभी की नजरें पुलिस जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।
Check Out The Post:-