‘स्त्री’ फ्रेंचाइजी के फैंस के लिए आखिरकार इंतजार खत्म होने वाला है। ‘स्त्री 3’ को लेकर मेकर्स की तरफ से बड़ा अपडेट सामने आया है, जिसने हॉरर-कॉमेडी के दीवानों की एक्साइटमेंट बढ़ा दी है। साल 2024 में आई ‘स्त्री 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया था और इसके बाद से ही दर्शक तीसरे पार्ट का इंतजार कर रहे थे। अब प्रोड्यूसर दिनेश विजान ने साफ कर दिया है कि ‘स्त्री 3’ की कहानी पर काम आगे बढ़ चुका है और फिल्म 2028 में सिनेमाघरों में दस्तक दे सकती है।
FICCI FRAMES के दौरान दिनेश विजान ने बताया कि निर्देशक अमर कौशिक ने ‘स्त्री 3’ की कहानी पूरी कर ली है। हालांकि, फिल्म की कहानी को लेकर उन्होंने ज्यादा खुलासा करने से साफ इनकार किया। इसकी वजह भी काफी मजेदार है। दिनेश ने बताया कि अमर कौशिक उन्हें ज्यादा स्पॉइलर देने पर डांटते हैं। उन्होंने इतना जरूर इशारा किया कि फिल्म में दर्शकों को पिछली फिल्मों की पसंदीदा चीजें देखने को मिलेंगी, लेकिन इस बार कहानी किस मोड़ से शुरू होगी और कहां पहुंचेगी, इसका अंदाजा लगाना आसान नहीं होगा।
रिलीज की बात करें तो ‘स्त्री 3’ को 2028 में स्वतंत्रता दिवस या क्रिसमस के आसपास रिलीज करने पर विचार किया जा रहा है। यानी एक बार फिर यह फ्रेंचाइजी बड़े फेस्टिव रिलीज स्लॉट में दर्शकों के बीच पहुंच सकती है। हालांकि अभी सटीक रिलीज डेट का ऐलान नहीं हुआ है। ‘स्त्री 2’ की सफलता के बाद तीसरे पार्ट से उम्मीदें भी काफी बढ़ गई हैं, इसलिए मेकर्स कहानी और स्केल दोनों पर खास ध्यान देते नजर आ रहे हैं।
लेकिन ‘स्त्री 3’ से पहले अमर कौशिक के पास एक और बड़ा प्रोजेक्ट है। वह ‘महावतार’ पर काम करेंगे, जो भगवान परशुराम की कहानी पर आधारित फिल्म है। इस फिल्म में विक्की कौशल मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। दिनेश विजान के मुताबिक, अमर कौशिक जनवरी के अंत में ‘महावतार’ पर काम शुरू करेंगे और इसे जून तक पूरा करने की योजना है। इसके बाद ‘स्त्री 3’ की शूटिंग अगले साल के अंत तक शुरू होने की संभावना जताई गई है।
‘महावतार’ का निर्माण दिनेश विजान की मैडॉक फिल्म्स कर रही है, जबकि इसकी कहानी निरेन भट्ट ने लिखी है। वहीं ‘स्त्री’ फ्रेंचाइजी के तीसरे अध्याय को लेकर अभी कहानी और स्टारकास्ट से जुड़ी कई बातें पर्दे के पीछे हैं। फिलहाल इतना तय है कि ‘स्त्री 3’ के लिए 2028 का इंतजार करना होगा, लेकिन जिस तरह मेकर्स ने कहानी को लेकर सस्पेंस बनाए रखा है, उससे लगता है कि इस बार भी चुड़ैल की दुनिया में कुछ नए और मजेदार ट्विस्ट देखने को मिल सकते हैं।