‘सैयारा’ से दर्शकों के दिलों में जगह बनाने वाले अहान पांडे एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाल मचाने के लिए तैयार हैं। उनकी अगली फिल्म के टाइटल, पोस्टर और रिलीज डेट से पर्दा उठ गया है। यशराज फिल्म्स ने सोमवार को अपनी नई फिल्म ‘बेपरवाह: फियरलेस इन लव’ का ऐलान किया, जिसमें अहान के साथ शरवरी नजर आएंगी। फिल्म का टाइटल जितना दिलचस्प है, इसका पोस्टर भी उतना ही दमदार दिखाई देता है। रोमांस, एक्शन और इमोशन्स से भरपूर यह फिल्म दर्शकों को एक अलग तरह की प्रेम कहानी दिखाने का वादा करती है।
फिल्म के पोस्टर में अहान और शरवरी के चेहरों को छिपाकर रखा गया है, जिससे कहानी को लेकर उत्सुकता और बढ़ जाती है। अहान के हाथ में बंदूक नजर आती है और उनके कपड़ों पर खून के निशान दिखाई देते हैं, जबकि शरवरी के हाथ में गिटार है। दोनों अपने सिर एक-दूसरे से टिकाए नजर आते हैं। पोस्टर का यह अंदाज इशारा करता है कि फिल्म में प्यार के साथ खतरे और टकराव की भी अहम भूमिका होगी। इसके साथ सुनाई देने वाली अहान की आवाज में इश्क को बेपरवाह और बेइंतहा बताने वाली पंक्तियां फिल्म के इंटेंस मिजाज को सामने लाती हैं।
‘बेपरवाह का निर्देशन अली अब्बास जफर कर रहे हैं, जबकि आदित्य चोपड़ा ने इसे प्रोड्यूस किया है। यशराज फिल्म्स के साथ अली अब्बास जफर की यह पांचवीं फिल्म है। इससे पहले वह ‘मेरे ब्रदर की दुल्हन’, ‘गुंडे’, ‘सुल्तान’ और ‘टाइगर जिंदा है’ जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अहान इस फिल्म में गैंगस्टर के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म की शूटिंग पिछले साल अक्टूबर में शुरू हुई थी और इसके कुछ हिस्से यूके में फिल्माए गए हैं। वहीं, ऐश्वर्य ठाकरे के फिल्म में विलेन की भूमिका निभाने की चर्चा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
इस फिल्म के ऐलान पर अहान की ‘सैयारा’ की सह-कलाकार अनीत पड्डा ने भी उत्साह जाहिर किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर कमेंट करते हुए लिखा, ‘बेस्ट ऑफ बेस्ट! बहुत ज्यादा एक्साइटेड हूं।’ अहान और शरवरी की नई जोड़ी को पहली बार साथ देखना भी दर्शकों के लिए खास होगा। अब तक फिल्म की कहानी से जुड़ी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन इसके पोस्टर और एक्शन से भरपूर अंदाज ने चर्चा शुरू कर दी है।
फिल्म अगले साल यानी 2027 में 26 मार्च को गुड फ्राइडे के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। ‘सैयारा’ में रॉकस्टार के अंदाज से पहचान बनाने के बाद अहान इस बार गैंगस्टर के रूप में नजर आएंगे। ऐसे में उनके किरदार का यह बदलाव देखने लायक होगा। अब सवाल यही है कि अहान और शरवरी की यह नई जोड़ी पर्दे पर प्यार और एक्शन का कैसा रंग जमाती है।
Check Out The Post:-