बाराबंकी के दो युवा फैज़ मलिक और रवि मोहम्मद स्केटिंग के जरिए देश में एकता भाईचारे और खेलों को बढ़ावा देने का अनोखा संदेश लेकर लंबी यात्रा पर निकले हैं। अजमेर से मुंबई तक के सफर पर निकले दोनों खिलाड़ी सोमवार को आगरा पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी मुहिम के बारे में विस्तार से बताया।
बाराबंकी निवासी फैज़ मलिक और रवि मोहम्मद का कहना है कि उनका उद्देश्य सिर्फ एक लंबी स्केटिंग यात्रा करना नहीं, बल्कि पूरे देश में स्केटिंग खेल के प्रति लोगों को जागरूक करना और युवाओं को इस खेल से जोड़ना है। दोनों खिलाड़ी प्रतिदिन करीब 80 से 100 किलोमीटर तक स्केटिंग करते हुए अपनी मंजिल की ओर बढ़ रहे हैं।
आगरा पहुंचने पर दोनों ने कहा कि वे चाहते हैं कि भारत में स्केटिंग को अधिक पहचान मिले और आने वाले समय में भारतीय खिलाड़ी इस खेल में ओलंपिक पदक जीतकर देश का नाम रोशन करें। उन्होंने युवाओं से खेलों को अपनाने और एकता व भाईचारे की भावना के साथ आगे बढ़ने की अपील की।