मुंबई, 13 दिसंबर, (न्यूज़ हेल्पलाइन)। पुष्पा 2 के प्रीमियर के दौरान महिला की मौत के मामले में एक्टर अल्लू अर्जुन को तेलंगाना हाईकोर्ट ने जमानत दे दी। इससे पहले उन्हें हैदराबाद की कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा था। एक्टर को उनके घर से गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद 4 बजे उन्हें लोकल कोर्ट में पेश किया गया, जहां उन्हें ज्यूडिशियल कस्टडी में भेज दिया। इसके बाद एक्टर ने हाईकोर्ट में अपील की थी। 5 बजे हाईकोर्ट ने जमानत दे दी। अल्लू पर आरोप है कि वह 4 दिसंबर को हैदराबाद के संध्या थिएटर में बिना बताए पहुंचे थे। इससे वहां भीड़ जमा हो गई और भगदड़ मच गई थी। कई लोग जख्मी हो गए थे। हाईकोर्ट में अल्लू के वकील ने बचाव में शाहरुख की फिल्म रईस केस का जिक्र किया। उन्होंने कहा, गुजरात में प्रमोशन के दौरान खान ने भीड़ पर टी-शर्ट फेंके थी। इसके बाद भगदड़ मची थी। इस मामले में एक्टर पर गैर इरादतन हत्या का आरोप लगाया गया था। वकील ने कहा कि गुजरात उच्च न्यायालय और सुप्रीम कोर्ट ने शाहरुख को राहत दी थी। सूत्रों के मुताबिक, अल्लू अर्जुन ने अपनी गिरफ्तारी के तरीके पर आपत्ति जताई है। एक्टर ने दावा किया है कि पुलिस ने नाश्ता खत्म नहीं करने दिया। कपड़े भी बदलने नहीं दिए। एक वीडियो में एक्टर घर से नीचे उतरकर पार्किंग में आते हैं। वहां उनका नौकर दौड़कर आता है और चाय और पानी देता है। वे वीडियों में चाय पीते नजर आ रहे हैं। इस दौरान उनकी पत्नी स्नेहा रेड्डी दिखाई देती हैं। अल्लू पत्नी को समझाते हैं। इसके बाद उन्हें पुलिस अपने साथ ले जाती हैं।
पुलिस ने अल्लू अर्जुन को पहले उनके घर से हिरासत में लिया। इसके बाद उनका बयान दर्ज किया गया। फिर उन्हें मेडिकल चेकअप के लिए उस्मानिया अस्पताल ले जाया जाएगा। इस दौरान उनके ससुर हैदराबाद के चिक्कड़पल्ली पुलिस स्टेशन पहुंचे। अल्लू अर्जुन के खिलाफ बीएनएस की धारा 105, 118 (1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह गैर जमानती धारा है। साथ ही, अल्लू अर्जुन की गिरफ्तारी पर वरुण धवन ने कहा, ‘हर चीज एक्टर अपने ऊपर नहीं ले सकता। हम उन लोगों को समझा सकते हैं, जो हमारे आसपास हैं। यह जो हादसा हुआ है, वह बहुत दर्दनाक है। मैं श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है, लेकिन हम सिर्फ एक इंसान को दोष नहीं दे सकते। साथ ही, मृतक रेवती के पति भास्कर ने कहा कि उन्हें अल्लू अर्जुन की गिरफ्तारी के बारे में कोई जानकारी नहीं है। मैं केस वापस लेना चाहता हूं। भगदड़ मचने में अल्लू की सीधे कोई जिम्मेदारी नही है। वह अपनी पत्नी और बच्चों को प्रीमियर शो दिखाने ले गया था। अचानक लोग अल्लू अर्जुन को देखने आगे बढ़ गए। उनका इस घटना से कोई लेना-देना नहीं है। थिएटर प्रबंधन ने दावा किया है कि उन्होंने एक्टर के पुष्पा-2 के प्रीमियर से दो दिन पहले ही पुलिस को सूचना देकर सुरक्षा व्यवस्था की मांग की थी। इसके बावजूद, पुलिस ने इंतजाम नहीं किए। उधर, पुलिस का कहना है कि थिएटर ने कोई जानकारी नहीं दी।