महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को 20 फरवरी को जान से मारने की धमकी मिली। मुंबई पुलिस के मुताबिक, एक अज्ञात व्यक्ति ने गोरेगांव पुलिस स्टेशन को धमकी भरा ईमेल भेजा है। उस व्यक्ति ने एकनाथ शिंदे की कार को उड़ाने की धमकी दी थी। इसी तरह के धमकी भरे ईमेल मंत्रालय और जेजे मार्ग पुलिस स्टेशन को भी मिले। पुलिस अधिकारी धमकी भरा मेल भेजने वाले की तलाश कर रहे हैं।
इससे पहले दिन में शिंदे दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद थे। रेखा गुप्ता की नियुक्ति पर बोलते हुए शिंदे ने अपनी खुशी व्यक्त की और उन्हें 'लाडली बहन' बताया। उन्होंने कहा, ‘‘यह खुशी की बात है कि हमारी लाडली बहन रेखा गुप्ता दिल्ली की मुख्यमंत्री बन रही हैं। शिंदे ने कहा, ‘‘दिल्ली अब विकसित दिल्ली बनने की ओर अग्रसर होगी।’’
19 फरवरी को एकनाथ शिंदे ने पार्टी कार्यकर्ताओं से राज्य में आगामी नगर निगम चुनावों के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। वर्ली के एनएससीआई डोम सेंटर में आयोजित एक सभा में शिवसेना पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “पिछले ढाई वर्षों में मुंबई और राज्य में सरकार द्वारा किए गए कार्यों को लोगों तक ले जाएं। हर वार्ड में शिवसेना की शाखा होनी चाहिए और हर घर में एक शिव सैनिक होना चाहिए। हमने विधानसभा चुनावों में एक झटका दिया है और अब हमें मुंबई नगर निगम में दूसरा झटका देने की जरूरत है।”