ताजा खबर

मोदी ने कहा, यमुना का पानी प्रधानमंत्री भी पीता है, हरियाणा CM ने नदी से पानी पीकर दिखाया, जानिए पूरा मामला

Photo Source :

Posted On:Wednesday, January 29, 2025

मुंबई, 29 जनवरी, (न्यूज़ हेल्पलाइन)। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के यमुना में जहर वाले बयान पर राजनीति तेज हो गई है। दिल्ली में रैली के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि हरियाणा का भेजा यही पानी दिल्ली में हमारे सारे जज, जस्टिस, सम्मानित सदस्य पीते हैं। आपका प्रधानमंत्री भी यही पानी पीता है। क्या कोई सोच सकता है कि मोदी को जहर देने के लिए हरियाणा ने जहर दिया होगा। इसके बाद शाम को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने राज्य के बॉर्डर पर पहुंचकर यमुना नदी का से पानी पीकर दिखाया। उन्होंने एक्स पर वीडियो शेयर कर कहा कि मैंने बेहिचक और बेझिझक पवित्र यमुना के जल का आचमन किया। आतिशी जी तो आईं नहीं। कोई नया झूठ रच रही होंगी। झूठ के पांव नहीं होते। इसलिए आप-दा का झूठ चल नहीं पा रहा। नायब सैनी के इस पोस्ट को लेकर केजरीवाल ने कहा कि नायब सिंह सैनी जी ने यमुना का पानी पीने का ढोंग किया और फिर वही पानी वापस यमुना में थूक दिया। जिस जहरीले पानी को ये खुद नहीं पी सकते, वही पानी दिल्ली की जनता को पिलाना चाहते हैं। मैं ऐसा हरगिज नहीं होने दूंगा।

प्रधानमंत्री ने कहा, आप यहां वर्किंग डे होने के बाद भी इतनी विशाल संख्या में, दोपहर के समय हम सबको आशीर्वाद देने आए हैं। मैं आपका बहुत आभार व्यक्त करता हूं। लेकिन ये दृश्य है, ये दिल्ली का मूड बता रहा है। दिल्ली के जनादेश के दर्शन करा रहा है। दिल्ली कह रही है कि अब आप-दा के बहाने नहीं चलेगें। आप-दा के फर्जी वादे नहीं चलेंगे। दिल्ली कर रही है कि आप-दा की लूट और झूठ नहीं चलेगा। दिल्ली के लोग भाजपा की डबल इंजन की सरकार चाहते हैं। ऐसी सरकार चाहते हैं जो गरीबों के घर बनाए। दिल्ली को आधुनिक बनाए, हर घर नल से जल पहुंचाए, टैंकर माफिया से मुक्ति दिलाए। दिल्ली कह रही है 5 फरवरी आएगी, भाजपा आएगी, आप-दा जाएगा। ये 21वीं सदी है। इसके 25 साल बीत चुके। इसके पहले 14 साल आपने देखें हैं। इसमें कांग्रेस का कार्यकाल देखा है। 11 साल आप-दा सरकार को दिए। लेकिन दिल्ली की समस्या वहीं की वहीं है। 25 साल इन दोनों ने आप की दो-दो पीढ़ी बर्बाद की हैं। दिल्ली को इन हालात से कौन निकाल सकता है। आपका एक वोट इन मुसीबतों से मुक्ति दिला सकता है। हमें 11 साल के पेंडिंग काम करने है। आने वाले 25-30 साल की तैयारियां करनी हैं।

उन्होंने आगे कहा, दिल्ली के एक पूर्व सीएम ने हरियाणा के लोगों पर घिनौने आरोप लगाए। हार के डर से आपदा वाले बौखला गए। हरियाणा के लोग दिल्ली से अलग हैं। क्या उनके परिवार, रिश्तेदार दिल्ली में नहीं रहते। क्या हरियाणा के लोग अपने बच्चों के पानी में जहर मिला सकते हैं क्या। हरियाणा का भेजा यही पानी दिल्ली में रहने वाले हमारे सारे जज, जस्टिस, सम्मानित सदस्य पीते हैं। आपका प्रधानमंत्री भी यही पानी पीता है। क्या कोई सोच सकता है कि मोदी को जहर देने के लिए हरियाणा ने जहर दिया होगा। क्या बात करते हो। देशवासियों पर ऐसा झूठा आरोप लगाते हैं। कुछ भी बोलते हैं। ऐसी ओछी राजनीति करने वालों को दिल्ली की जनता सबक सिखाएगी। आप-दा वालों की लुटिया यमुना जी में डूबेगी। साथियों, आप-दा वालों की नियत ही काम करने की नहीं है। पिछले 5 साल में दिल्ली विधानसभा सिर्फ 70-75 दिन चली। ये विधानसभा के इतिहास का सबसे कम कामकाज रहा।

भारतीय गणतंत्र के 75 साल पूरे होने का जोश पूरे देश को है। लेकिन हमें नहीं भूलना है कि इन लोगों ने भारतीय सेना पर सवाल उठाए थे। इन लोगों ने विधानसभा में सत्र बुलाकर सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगे थे। सेना पर सवाल उठाए थे। आप-दा वालों को सजा देने का मौका 5 फरवरी को है। आप-दा वालों को इस चुनाव में सबक जरूर सिखाएं। आज अगर कोई दिल्ली का नाम लेता है तो वो कहता है कि ये देश की राजधानी है। दिल्ली शहर की अपनी कोई विशेष पहचान नहीं है। जो लोग झुग्गी में रहते हैं उनसे आप लोग कहना कि आपका घर नहीं बना है, ये बात हमने नोट कर ली है। मोदी की गारंटी है कि आपका पक्का घर बनकर रहेगा। मोदी के पास अपना कोई घर नहीं है। लेकिन मोदी का सपना है कि हर गरीब के पास अपना पक्का घर हो। ये आप-दा वाले इसलिए झुग्गियों में जाते हैं और झूठी बातें फैला रहे हैं। इनकी झूठ बोलने की ताकत बहुत है। CAG रिपोर्ट आज भी जारी है। ये अंग्रेजो के समय से जारी है। केजरीवाल पहला व्यक्ति है जो CAG रिपोर्ट को इन्होंने फेंक दिया। आप-दा सरकार CAG रिपोर्ट को दवा कर बैठ गई है। शराब घोटाला, शीशमहल घोटाला, अस्पताल घोटाला सामने आने का डर है इन लोगों को। भाजपा सरकार आने के बाद पहले सत्र में ही CAG रिपोर्ट टेबल कर दी जाएगी। आप-दा को हार का एहसास हो चुका है। इनके हर विधायक को लेकर जनता में गुस्सा है। आप-दा और कांग्रेस ने पर्दे के पीछे गठबंधन है। आप-दा वाले कोशिश कर रहे हैं कि उनका विधायक नहीं जीते तो कांग्रेस का जीत जाए।

आपको बता दें, दिल्ली में 5 फरवरी को सभी 70 सीटों पर वोटिंग होगी। वहीं, 8 फरवरी को नतीजे घोषित किए जाएंगे। 70 विधानसभा सीटों के लिए कुल 699 उम्मीदवार मैदान में हैं। विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 23 फरवरी को खत्म हो रहा है।


आगरा और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. agravocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.