मुंबई, 20 मार्च, (न्यूज़ हेल्पलाइन)। औरंगजेब की कब्र हटाने को लेकर 17 मार्च को नागपुर में हुई हिंसा के मामले में मास्टरमाइंड फहीम समेत 6 आरोपियों के खिलाफ देशद्रोह का केस दर्ज हुआ है। फहीम पर 500 से ज्यादा दंगाइयों को इकट्ठा करने और हिंसा को बढ़ावा देने का आरोप है। पुलिस ने अब तक 84 लोगों को गिरफ्तार किया है। इसमें विश्व हिंदू परिषद (VHP) के भी 8 कार्यकर्ता शामिल हैं। 19 आरोपियों को 21 मार्च तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है। वहीं, तीन दिन बाद हिंसा प्रभावित कपिलवन और नंदनगढ़ इलाके से कर्फ्यू हटा दिया गया है। साइबर सेल ने अफवाह फैलाने और हिंसा भड़काने के मामले में 34 सोशल मीडिया अकाउंट पर कार्रवाई की है, साथ ही 10 FIR की गई हैं। इसके अलावा पुलिस ने बुधवार को मामले में बांग्लादेश कनेक्शन मिलने का दावा किया है। पुलिस ने दावा किया कि सोशल मीडिया पोस्ट पर एक यूजर से धमकी मिली है कि सोमवार का दंगा एक छोटी घटना थी, भविष्य में बड़े दंगे होंगे। उधर, कांग्रेस ने घटना की जानकारी लेने के लिए गोवा के AICC प्रभारी माणिकराव ठाकरे के नेतृत्व में 5 सदस्यीय कमेटी बनाई है। सोमवार रात हुई हिंसा में 33 पुलिसकर्मी घायल हुए थे, जिनमें DCP रैंक के तीन अधिकारी भी शामिल हैं। दंगाइयों ने वाहनों में तोड़फोड़ की, पेट्रोल बम फेंके, पथराव किया और कुछ घरों पर हमला भी किया था।
नागपुर हिंसा में आरोपी फहीम खान की भूमिका को लेकर साइबर डीसीपी लोहित माटानी ने बताया कि फहीम ने औरंगजेब के खिलाफ हुए प्रदर्शन का वीडियो एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल किया, जिससे माहौल बिगड़ा और हिंसा फैली। उसने हिंसात्मक वीडियो को बढ़ावा भी दिया। वहीं, CM देवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा में कहा कि जलाई गई चादर पर कुरान की आयत नहीं थी। आयत को लेकर अफवाह फैलाई गई। पुलिस और मेरे बयान में फर्क नहीं है। जानबूझकर हिंसा फैलाई गई। किसी भी दोषी को छोड़ा नहीं जाएगा। पुलिस पर हमला करने वाले बचेंगे नहीं। जो लोग कब्र में छिपे हैं, उन्हें भी कब्र से निकालेंगे।
दरअसल, सोमवार को नागपुर में विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान गोबर के कंडों से भरा एक हरे रंग का कपड़ा जलाया गया। VHP के मुताबिक, ये औरंगजेब की प्रतीकात्मक कब्र थी। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद देर शाम 7:30 बजे नागपुर के महल इलाके में हिंसा भड़क गई। पथराव और तोड़फोड़ शुरू हो गई। उपद्रवियों ने घरों पर पथराव किया और सड़क पर खड़े दर्जनों वाहनों में तोड़फोड़-आगजनी की। पुलिस पर भी हमला किया गया। DCP निकेतन कदम कुल्हाड़ी के हमले से घायल हो गए। पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। रात 10.30 बजे से 11.30 बजे के बीच ओल्ड भंडारा रोड के पास हंसपुरी इलाके में एक और झड़प हुई।