आगरा। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर ताज नगरी पूरी तरह आजादी के रंग में सराबोर रही। शहर के नामी पांच सितारा होटल रैडिसन में इस अवसर पर तिरंगे थीम पर आधारित स्पेशल बफेट का आयोजन किया गया।
होटल के एग्जीक्यूटिव शेफ संजू बघेल के नेतृत्व में तैयार किए गए इस बफेट में भारतीय परंपरा और स्वाद की झलक देने वाले कई व्यंजन शामिल थे, जिन्हें तिरंगे के रंगों से सुसज्जित किया गया था।
देशी और विदेशी मेहमानों ने भारतीय संस्कृति के इन रंग-बिरंगे व्यंजनों का लुत्फ उठाया। होटल के जनरल मैनेजर अटल शरण भार्गव ने बताया कि, आगरा पर्यटन की दृष्टि से देश और दुनिया के नक्शे पर अहम स्थान रखता है। आजादी के इस पावन पर्व पर हमारा प्रयास है कि यहां आने वाले मेहमानों को भारत की परंपरा, विरासत और मेहमाननवाजी का अनूठा अनुभव मिले।
स्वतंत्रता दिवस के इस मौके पर होटल का माहौल पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंगा रहा, और मेहमानों ने तिरंगे थीम वाले इस विशेष बफेट की भरपूर सराहना की।