सोशल मीडिया पर एक बाघ द्वारा महिला पर हमला करने का चौंकाने वाला वीडियो शेयर किया जा रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला कार के एक तरफ से निकलती है और दूसरी तरफ जाकर बैठ जाती है। वह कार के दरवाजे के पास पहुंचती है तभी एक बाघ जैसा जानवर उसे पीछे से खींच लेता है। महिला को बचाने के लिए एक पुरुष और एक महिला कार से उतरकर उसके पीछे दौड़ते हैं।
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए एक शख्स ने लिखा, "पति से झगड़े के बाद एक महिला कार से बाहर निकली, एक बाघ उसे जंगल में खींच ले गया।" कई लोग इसे भारत की घटना मानकर शेयर कर रहे हैं। एक व्यक्ति ने कमेंट में लिखा, "इस देश में कानून अंधा है। अगर कोई व्यक्ति बाघ को मारता तो यह गैरकानूनी होता, उस व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई होती। अगर उसे गिरफ्तार किया जाता तो वह जेल जाता। अब बताओ आप लोग, अब बाघ लड़की को जंगल में ले गया है, अब क्या किया जाता, बताओ पुलिसवाले।" इसके अलावा कुछ लोगों ने वीडियो पोस्ट करते हुए #Mumbai जैसे हैशटैग का इस्तेमाल किया है। ऐसी ही एक पोस्ट का संग्रहीत संस्करण यहां देखा जा सकता है।
यह वीडियो न तो हाल का है और न ही भारत का है। महिला पर बाघ के हमले की यह घटना 2016 में चीन के बीजिंग शहर में हुई थी। वायरल वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने पर हमें यह CGTN नाम के यूट्यूब चैनल पर मिला। इसे यहां 24 जुलाई 2016 को अपलोड किया गया था। यहां यह स्पष्ट हो गया कि यह वीडियो हाल का नहीं बल्कि कम से कम 9 साल पुराना है।